जीरकपुर। नगर परिषद जीरकपुर कार्यालय को जाने वाली रोड पर अक्सर ही वाहनों का जाम लग जाता है। सड़क के दोनों तरफ इधर-उधर वाहन खड़े करने से आवागमन करने की जगह कब बचती है। इस कारण अकसर जाम लग जाता है। ट्रैफिक पुलिस समय-समय पर इस रोड पर पार्क किए वाहनों चालकों के चालान भी करती है, इसके बाद भी लोग जहां-तहां वाहन खड़े कर देते हैं।
मौके पर जाम में फंसे सुरेंद्र सिंह, राजीव कुमार, महेश कुमार, कपिल और मोनिका समेत अन्य लोगों ने कहा कि नगर परिषद के गेट के अंदर गाड़ियां खड़ी करने की बहुत सी जगह है। लोग नगर परिषद या सब तहसील में अपने काम करवाने के लिए आते हैं। उन्हें अपनी गाड़ियां नगर परिषद के गेट के अंदर खड़ी करनी चाहिए। अपनी जायदाद की रजिस्ट्री तैयार करवाने के लिए जो लोग आते हैं, वह बाहर ही अपनी गाड़ी लगा देते हैं। गुरुद्वारा साहिब के आगे जगह तंग होने के बावजूद भी लोग गुरुद्वारा साहिब के गेट के दोनों तरफ गाड़ियां खड़ी करके चले जाते हैं। यह ट्रैफिक जाम का कारण बनती है।
हम समय-समय पर नगर परिषद को जाने वाली रोड पर गलत तरीके से खड़े किए वाहनों के चालान करते रहते हैं फिर भी लोग गलती करने से बाज नहीं आते। ट्रैफिक पुलिस द्वारा इस रोड पर अब लगातार कार्रवाई करते हुए गलत तरीके से खड़े हुए वाहनों के चालान किए जाएंगे। - गुरवीर सिंह बड़ैच, प्रभारी, ट्रैफिक पुलिस जीरकपुर।