मोहाली। नगर निगम की ओर से बेशक शहर में हुए अवैध कब्जों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करने की बात की जाती है, लेकिन जमीनी स्तर पर नगर निगम के दावे हवा हवाई हैं। हर तरफ अवैध कब्जों की भरमार नजर आती है। शहर के अलग-अलग फेजों की मार्केट में स्थित शोरूम व बूथों में भी अवैध कब्जों की भरमार है। दुकानों के बरामदों में जहां दुकानदारों की ओर से कब्जे किए हुए हैं, वहीं मार्केट की पार्किंग और सड़क किनारे बने फुटपाथ की जगह पर रेहड़ी-फड़ी वालों का कब्जा है और आम लोगों को चलने फिरने के लिए खुली जगह नहीं मिलती लेकिन प्रशासन की ओर से इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जाता। इस दौरान अब शोरूम और बूथों के सामने वाली फुटपाथ भी इन अवैध कब्जे के नीचे आ गई है। फुटपाथ तक सामान लगा होने के कारण लोगों को दुकानों के अंदर जाने के लिए भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
जब भी नगर निगम की टीम इन कब्जों को हटाने आती है तो दुकानदार व उनको शह देने वाले नेता उनका विरोध करते हैं। इस दौरान जब नगर निगम की ओर से रेहड़ी-फड़ी उठाई जाती है तो वह अपना लाइसेंस दिखाकर निगम की कार्रवाई का विरोध करते हैं जिस कारण नगर निगम की कार्रवाई प्रभावित होती है। स्थानीय लोगों की मांग है कि नगर निगम की ओर से बिना किसी पक्षपात के यह अवैध कब्जे हटाए जाएं ताकि इस कारण आम लोगों को पेश आ रही मुश्किलों से छुटकारा मिल सके।