लालड़ू। लालड़ू क्षेत्र में चोरियों का सिलसिला थम नहीं रहा है। 15 अगस्त की रात चोरों ने लालड़ू-चौंदहेड़ी लिंक रोड पर स्थित टेक्नो इंडस्ट्रियल कॉरपोरेशन निजी कंपनी में बेखौफ चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। कंपनी के मालिक हरीश सचदेवा ने सूचना लेहली पुलिस को दी है। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त की रात को उनकी कंपनी के पास स्थित एक अन्य कंपनी के सुरक्षा गार्डों को संदेह हुआ कि टेक्नो कंपनी के कई लोग चोरी कर रहे थे। उन्होंने चोरों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया है। कंपनी मालिक के अनुसार उनका बिजनेस फैब्रिकेशन का है और वे दूसरी कंपनियों को ऑर्डर पर लोहे के उत्पाद सप्लाई करते हैं। पुलिस को दी शिकायत में उन्होंने कंपनी से करीब 15 लाख रुपये का सामान चोरी होने की आशंका जताई है। इस संबंध में संपर्क करने पर नाहर पुलिस स्टेशन के एसआई नरिंदर कुमार ने कहा कि उन्होंने जिन लोगों को हिरासत में लिया है, वे संदिग्ध हैं और पूछताछ की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि बयान आने के बाद ही वास्तविक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं एलआईए के पदाधिकारियों ने इस मामले में पुलिस से सख्त कार्रवाई करने और इंडस्ट्रीज एरिया में गश्त बढ़ाने की मांग की है, उन्होंने नगर परिषद से स्ट्रीट लाइट लगाने की भी मांग की है।