कुराली। शहर में तीन दुकानों के ताले तोड़कर चोर लाखों रुपये का सामान चोरी करके ले गए। इस मामले में पुलिस को सूचित कर दिया गया है। चोरों ने पहले सनोपी फैशन पॉइंट शोरूम के ताले तोडे़ और लाखों के कपड़े चोरी करके ले गए। दुकान मालिक मनोज कुमार ने बताया कि चोर उनकी दुकान में रखी महंगी जींस, टी-शर्ट, लोअर, लैदर के बैग, शर्ट और परफ्यूम चोरी करके ले गए। इनकी कीमत लगभग 5 लाख रुपये है। दूसरे मामले में चोरों ने स्वास्तिक फैशन लाइन शोरूम के ताले तोड़ने की कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं हो सके। चोरों ने जिस शटर का ताला तोड़ा उसके अंदर फिक्श शीशा भी लगा हुआ था, इस कारण बचाव हो गया।
तीसरे मामले में चोरों ने एक मोबाइल की दुकान के ताले तोड़कर दुकान में रखे पुराने मोबाइल, एस्सेसरी, स्मार्ट वॉच, मैमरी कार्ड व अन्य सामान चोरी कर लिया। दुकान मालिक अजय कुमार ने बताया कि उसकी दुकान लगभग 50 हजार रुपये का नुकसान हो गया। शहर वासियों ने पुलिस से चोरों को काबू करने की मांग की है।