जीरकपुर। भबात स्थित जिमीदारा एनक्लेव में निर्माणाधीन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से लोहे की प्लेटें चोरी करने के मामले में जीरकपुर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता प्रमोद सिंह निवासी दादोपुर जिला कुशीनगर (यूपी) ने बताया कि वह इम्पल्स इंडिया कंपनी में ठेकेदारी का कार्य देखता है। कंपनी भबात में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण कर रही है। कई दिनों से रात के समय लोहे की स्ट्रिंग वाली प्लेटें चोरी हो रही थीं।
प्रमोद सिंह ने बताया कि वह लगातार निगरानी रखे हुए था। बीती रात करीब चार बजे दो युवक चोरी की नीयत से पहुंचे, जिन्हें उसने अपने साथी की मदद से मौके पर ही काबू कर लिया। पकड़े गए आरोपियों ने अपनी पहचान बन्नी सिंह निवासी विक्टोरिया सिटी भबात रोड और रविंदर कुमार निवासी भबात जीरकपुर के रूप में बताई। इस दौरान बन्नी सिंह भागने की कोशिश में गिर गया, जिससे उसके पैर में चोट लग गई। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे पहले भी यहां से लोहे की प्लेटें चोरी कर चुके हैं। उन्हें पटियाला रोड पर कबाड़ का काम करने वाले मोहम्मद बसीम को बेचते थे।
इसके बाद शिकायतकर्ता दोनों आरोपियों को लेकर कबाड़ी की दुकान पर पहुंचा, जहां मोहम्मद बसीम भी मिल गया। आरोपी चोरी के समय एक्टिवा पर आए थे। सूचना मिलने पर गश्त पर मौजूद पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।