मोहाली। सेक्टर-89 में एक महिला के घर में किराएदार बनकर और विश्वास जीतने के बाद चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। डीएसपी सिटी-2 हरसिमरन सिंह बल ने कहा कि शिकायतकर्ता सुपनीत कौर ग्रेवाल ने 18 नवंबर को पुलिस को सूचना दी थी कि वह अपने घर की चाबियां घर के ताले में भूल गई थीं। इसके बाद वह बेटे को लेने स्कूल चली गई थीं। इस दाैरान उनका किराएदार मुंबई के पुणे निवासी सौरभ सुभाष कटिकर घर पर ही था। जब वह वापस आई तो देखा कि घर से सोने के गहने गायब थे और किराएदार भी मौजूद नहीं था। इसके बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत दी थी। अब पुलिस ने मामला सुलझाकर उक्त किरायेदार को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में पता चला है कि आरोपी (जो पढ़ा-लिखा है और अंग्रेजी बोलता है) अमीर लोगों के घरों में किराये पर मकान लेता था और मकान मालिक का विश्वास जीतकर चोरी की वारदात करता था। जानकारी के मुताबिक आरोपी अब सेक्टर-8 चंडीगढ़ में भी इसी तरह से योजना बनाकर चोरी करने की तैयारी में था, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। इसके पास से चोरी किए गए सोने के गहने भी बरामद कर लिए हैं। आरोपी ने भुगतानकर्ता का एक चेक भी चोरी किया था, जिसे उसने बैंक में जमा किया था। उन्होंने कहा कि लोगों को किसी अनजान व्यक्ति पर जल्दी भरोसा नहीं करना चाहिए और जब भी किराएदार रखें तो उसका पुलिस वेरिफिकेशन जरूर करवा लें ताकि ऐसे लोगों पर काबू पाया जा सके।