नयागांव से यूक्रेन में फंसे छात्रों पर रिपोर्ट- वेद प्रकाश, संवाद
नयागांव के परिवार में दो दिन से नहीं जला चूल्हा
सलामती की दुआ कर रहे साइना शर्मा के माता-पिता
नयागांव। यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद से नयागांव निवासी सत्येंद्र शर्मा और रंजू बाला की सांसें अटकी हुई हैं। क्योंकि उनकी 20 वर्षीय बेटी यूक्रेन में फंसी हुई है और खबरों में यूक्रेन के हालात देखकर उनका परिवार परेशान है। उनका परिवार अपनी बेटी की सलामती के लिए भगवान से दुआ मांग रहा है। इस हमले से दुखी होकर उनके घर में दो दिन से चूल्हा भी नहीं जला है। सत्येंद्र ने बताया कि उनकी बेटी साइना शर्मा यूक्रेन की उझोरोड नेशनल यूनिवर्सिटी में एमबीबीएस के तीसरे वर्ष की छात्रा है। यूक्रेन पर हुए हमले के बाद से घर में साइना की मां रंजू बाला का बुरा हाल है। साइना परिवार की बड़ी बेटी है और पूरे परिवार लाडली होने पर उससे बहुत ज्यादा लगाव है। बेटी का सुनहरा भविष्य बन जाएगा, यह सोच कर उसे यूक्रेन भेजा था। लेकिन यूक्रेन के हालात देखकर उनकी चिंता बढ़ी हुई है। उन्होंने अपनी लाडली को फरवरी, 2021 में एमबीबीएस करने के लिए यूक्रेन भेजा था। तबसे उसके साथ बस फोन पर ही बात होती है। बेटी ने परिवार को फोन कर बताया था कि वहां के सभी बाजार बंद होने से खाने-पीने का सामान नहीं मिल रहा है। डर के कारण वह फोन पर भी ज्यादा बात नहीं कर पाती है। भारत सरकार से अपील है कि उनके जिगर के टुकड़े को जल्द से जल्द सुरक्षित भारत लाया जाए।