मोहाली। फेज-3बी2 में घर लौट रही महिला की एक्टिवा के साथ बाइक लगाकर एक झपटमार चेन झपटकर फरार हो गया। महिला ने उसका पीछा किया और फरार होते समय आगे जाकर बाइक सवार स्नैचर का बैलेंस बिगड़ गया। वह बाइक सहित सड़क पर गिर पड़ा लेकिन जब महिला उसके पास पहुंची तो वह अपनी बाइक मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। इस मामले में मटौर पुलिस ने स्नैचर की बाइक कब्जे में लेकर अज्ञात के खिलाफ बीएनएस की धारा 304 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस को संदेह है कि बाइक पर जाली नंबर प्लेट लगी थी। पुलिस नंबर के आधार पर मालिक की पहचान करने में जुट गई है।
फेज-3बी2 की रहने वाली 35 वर्षीय नवजौत कौर ने बताया कि वह प्राइवेट नौकरी करती है। बीती रात वह घर का सामान खरीदने के लिए अपनी एक्टिवा पर फेज-5 की मार्केट गई थी। सामान लेकर वह घर लौट रही थी। करीब पौने 8 बजे रात को जब वह अपने घर के नजदीक मकान नंबर-1092 के पास पहुंची तो पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार एक अज्ञात युवक आया। उसने एक्टिवा के बराबर अपना मोटरसाइकिल लगाकर उसकी सोने की चेन झपट ली और फरार हो गया। नवजोत कौर ने बाइक का पीछा किया। स्नैचर की बाइक का बैलेंस बिगड़ा तो वह सड़क पर गि गया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी हासिल की है।