मोहाली। सेक्टर-82 स्थित रेलवे पुल के नजदीक आई तेज आंधी के कारण जमीन से करीब 15 फुट ऊंचा साइन बोर्ड टूटकर सड़क के ऊपर हवा में झूल रहा था। करीब एक हफ्ते से लोग इस सड़क से जान जोखिम में डालकर गुजर रहे थे। रविवार की शाम इस बोर्ड की वीडियो जब सोशल मीडिया पर वायरल हुई तो नगर निगम के अधिकारियों तक यह मामला पहुंचा। इसके बाद नगर निगम के अधिकारी हरकत में आए। इसके बाद नगर निगम कर्मचारियों और ट्रैफिक पुलिस की टीमों ने जेसीबी की मदद से इस लटकते बोर्ड को उसे जगह से उतार दिया है। नगर निगम के कमिश्नर कमल गर्ग ने कहा कि लोगों की सेवा के लिए नगर निगम हर समय तैनात है, जैसे ही यह मामला सामने आया तो तुरंत कार्यवाही की गई।
जानकारी के मुताबिक कुछ दिन पहले आई तेज आंधी के कारण सेक्टर-82 स्थित रेलवे पुल के नजदीक एक साइन बोर्ड टूट गया था। इसके बाद से यह बोर्ड सड़क के ऊपर हवा में झूल रहा था। जबकि इसके नीचे से सड़क पर रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं और कई वीआईपी अधिकारियों को भी इसी सड़क से आना-जाना है। लेकिन इस ओर किसी ने ध्यान ही नहीं दिया, क्योंकि यह शहर का बाहरी इलाका है।
इसी बीच रविवार को कुछ समाजसेवी लोगों ने इस हवा में झूलते साइन बोर्ड की फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर की। इसके बाद नगर निगम से लेकर पुलिस तक दोनों विभाग सक्रिय हो गए और इसके बाद नगर निगम ने उक्त पोल से साइन बोर्ड को हटाया।
बता दें कि लोगों में यह भी सवाल उठ रहे हैं कि आखिर साइन बोर्ड को इतना ज्यादा नुकसान कैसे पहुंचा। क्योंकि यह पोल काफी मजबूत होते हैं। सूत्रों की मानें तो कुछ चोर उक्त एरिया में सक्रिय हैं और वह लोही की चीजें और पोल से बड़े-बड़े पेंच तक खोलकर चोरी करके ले जात हैं, शायद इसी वजह से यह बोर्ड इस तरह हवा में लटक रहा था।