खरड़। एक दफ्तर के नौकर ने अपने मालिक के हस्ताक्षरों वाले चेक चोरी करके बैंक से 90 हजार रुपये निकलवा लिए। इसके बाद मां की बीमारी का बहाना बनाकर फरार हो गया। सदर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मोहाली निवासी इंद्रराज सिंह ने बताया कि सन्नी एनक्लेव सेक्टर-125 में वह एक कंपनी चलाते हैं। उनके दफ्तर में पार्टनर के अलावा चार कर्मचारी हैं। कंपनी के दो संयुक्त खाते सेक्टर-34 और सेक्टर-37 की शाखा में हैं। इसकी एक संयुक्त चेक बुक समेत एक अन्य खाते की चेक बुक उनके पास है। लेकिन एक खाता उन्होंने बंद करवा दिया था। इस खाते की चेक बुक समेत अन्य कागजात दफ्तर के दराज में ही रख दिए थे।
उन्होंने बताया कि पार्टनर कर्णवीर सिंह औजला ने काम से बाहर जाना था। उन्होंने पहले ही 20 चेक हस्ताक्षर करके दफ्तर में रख दिए। चाबियां हमेशा की तरह सेवादार जतिंदर पाल के पास ही होती थी और वह ही दफ्तर खोलता था। एक दिन जतिंदर पाल ने उनसे मां बीमार है यह कहकर छुट्टी लेकर चला गया, लेकिन फिर नहीं लौटा। बाद में उन्हें पता चला कि कंपनी के कुछ चेक दफ्तर से गुम हैं। इसका पता किया तो सामने आया कि जतिंदर पाल ने चोरी करके एक चेक से 65 हजार और दूसरे से 25 हजार रुपये निकलवा लिए हैं। जैसे ही इसकी ट्रांजेक्शन के मैसेज आए तो मामले का खुलासा हुआ। सदर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी है।