लालड़ू। थाना लालडू के तहत गांव बटौली में मवेशियों वाले बाड़े की कच्ची छत गिरने से बाड़े के 62 वर्षीय मालिक जसबीर सिंह पुत्र हरभजन सिंह की मौत हो गई। इसके अलावा बाड़े में चार भैंसों सहित एक कटड़ी ने भी दम तोड़ दिया। परिवार समेत ग्रामीणों ने मलबा हटाकर जख्मी जसवीर को बाहर निकाला परंतु अस्पताल पहुंचने से पहले उसने दम तोड़ दिया।
जांच अधिकारी एएसआई जसविंदर सिंह ने बताया कि हादसा दोपहर करीब 2 बजे हुआ। जसवीर सिंह बाड़े में बंधे अपने मवेशियों की देखभाल कर रहा था कि अचानक बाड़े की कच्ची छत गिर गई। जसवीर को संभलने का मौका भी नहीं मिला और मवेशियों समेत वह भी छत के मलबे में दब गया। उसकी बॉडी डेराबस्सी सिविल अस्पताल पहुंचा दी गई है। बता दें कि लालड़ू सर्कल में भारी बारिश व नदी नालों में पानी आने के कारण एक हफ्ते में हुई यह दूसरी मौत है। इससे पहले 29 अगस्त को गांव लालड़ू के 65 वर्षीय किसान जनक राज झरमल नदी के पानी में बह गए थे जिनकी बॉडी अगले दिन बरामद की गई। संवाद