खरड़। खरड़-बस्सी से रेलवे स्टेशन खरड़ को जाने वाली सड़क की हालत बेहद खस्ता होने के कारण रोजाना रेलवे स्टेशन पर आने जाने वाले यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस रेलवे स्टेशन में पर कई यात्री गाडिय़ों का स्टॉप है जिस कारण अकसर रेलवे स्टेशन में यात्रियों का आना जाना लगा रहता है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे खरड़ शहर में विकास के दावों की पोल खोल रहे हैं। लोगों का कहना है कि जब इस सड़क की ऐसी हालत है तो राज्य की शेष सड़कों का क्या हाल होगा। सड़क पर गड्ढों में बरसाती पानी भरा हुआ है। खरड़ निवासी रणबीर सिंह चौधरी, अवतार सिंह, संजीव कुमार, कृपाल सिंह तथा गुरजीत सिंह समेत अन्य ने स्थानीय प्रशासन से मांग की कि इस सड़क को प्राथमिकता के आधार पर ठीक करवाया जाए।