मोहाली। पंजाब पुलिस पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन जिला मोहाली की एक विशेष बैठक थाना कॉम्प्लेक्स फेज-11 स्थित एसोसिएशन के जिला कार्यालय में हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला प्रधान एवं प्रदेश महासचिव सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर महिंदर सिंह ने की। सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में विशेष रूप से मौजूद डीएसपी सिटी-2 हरसिमरन सिंह बल ने एसोसिएशन की जिला इकाई का वार्षिक कैलेंडर जारी किया।
कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त कर्मचारियों के कल्याण से संबंधित विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ। जिला प्रधान महिंदर सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में पंजाब पुलिस गंभीर कर्मचारी संकट से जूझ रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस बल में भारी कमी के कारण कानून व्यवस्था बनाए रखने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। एसोसिएशन ने एक विशेष प्रस्ताव पारित करते हुए पंजाब सरकार से मांग की कि पंजाब पुलिस में जल्द से जल्द बड़े पैमाने पर नई भर्ती की जाए, ताकि विभाग को मजबूत किया जा सके।