मोहाली। कोरोना के खिलाफ जारी जंग में अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए खास मौकों के दौरान भी सोशल डिस्टेंसिंग और आइसोलेशन को तरजीह दी जाने लगी है। ऐसी ही जिम्मेदारी निभाई सुहाना के रहने वाले बलविंदर सिंह ने, जिनकी बेटी को ब्याहने पटियाला से महज 4 लोगों की बारात आई। यह शादी फेज-4 के श्री गुरुद्वारा साहिब में सोशल डिस्टेंसिंग सहित सभी गाइडलाइन का पालन करते हुए सादगी से हुई।
बलविंदर सिंह का कहना है कि बेटी की शादी तय समय पर करने और लॉकडाउन होने के कारण वह चिंता में थे। दोनों परिवारों ने मिलकर समय पर ही सादगी के सााि धार्मिक रीतियों के अनुसार शादी करने का फैसला लिया। बलविंदर बताते हैं कि कोरोना महामारी के संकटकाल में बड़ा आयोजन संभव नहीं था। सभी की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तय किया गया कि दूल्हे के साथ बारात में सिर्फ 4 बाराती ही पटियाला से बारात लेकर आएंगे। श्री गुरुद्वारा साहिब में शादी होने के बाद वहीं से बारात विदा होगी। शुक्रवार को आनंद कारज फेज-4 के गुरुद्वारा श्री कलगीधर सिंह सभा में हुआ। श्री गुरुद्वारा साहिब के प्रधान जतिंदरपाल सिंह जेपी ने बताया कि गुरुद्वारा साहिब के परिसर में साफ सफाई, सैनिटाइजेशन, आइसोलेशन और सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा पालन किया जा रहा है। कोरोना काल में श्री गुरुद्वारा साहिब में 12 आनंद कारज नियमों का पालन करते हुए करवाए गए हैं। नियमानुसार आई बरात के लंगर की व्यवस्था गुरुद्वारा साहिब में की जाती है।