जीरकपुर। बरसाती पानी की निकासी के लिए डाली जा रही पाइप लाइन ने यमुना एनक्लेव के निवासियों की परेशानी बढ़ा दी है। करीब तीन सौ मीटर तक डाली जा रही इस पाइप लाइन के कारण आधी सड़क को खोदा गया है और इस खुदाई में कई लोगों के घरों में जा रही पाइप लाइनें भी टूट गईं हैं। इसकी वजह से लोगों के घरों में होने वाली पानी की सप्लाई ठप हो गई है।
यमुना एनक्लेव के निवासियों ने इसको लेकर विरोध जताया है और जल्द से जल्द पाइप लाइन को ठीक करवाने की मांग की है। इसके अलावा उनका कहना है कि ड्रेन का काम तेजी से पूरा किया जाए। लोगों ने बताया कि इस संबंधी पहले ही नगर काउंसिल के अधिकारियों से बातचीत की गई थी कि यहां प्लंबर की व्यवस्था की जाए ताकि यदि खुदाई के दौरान कोई गड़बड़ी हो तो तुरंत ठीक हो सके। खुदाई के दौरान करीब पानी की तीन पाइप लाइन टूट गईं लेकिन प्लंबर न होने के कारण उनको ठीक नहीं किया जा सका। करीब एक साल पहले से यहां पर सीवरेज लीक कर रही थी और अब जबकि सीवरेज ठीक की गई तो उसके बाद यहां रेन वाटर के लिए पाइप लाइन डालने को पूरी सड़क खोद डाली।
क्या कहते हैं लोग..
नगर काउंसिल द्वारा पानी की निकासी के लिए पाइप डालना तो ठीक है लेकिन इसकी वजह से हमारी पानी की पाइप लाइन टूट गईं हैं। इसके चलते हमारे यहां पानी नहीं पहुंच रहा। इसको जल्द ठीक किया जाना चाहिए। -लुकमान खान निवासी जीरकपुर।
एकदम से इतनी सारी सड़क खोदने से यमुना एनक्लेव, गाजीपुर, अमोलक एनक्लेव के निवासियों के लिए समस्या पैदा हो गई है। वह जीरकपुर जाने के लिए इसी सड़क का प्रयोग करते हैं। इसकी हालत जल्द सुधारी जानी चाहिए। -निशा चौहान निवासी जीरकपुर।
जीरकपुर में इस प्रकार की खुदाई तो लगातार होती रहती है लेकिन इसमें लोगों का ध्यान रखा जाना चाहिए। इस काम को पूरा करवाकर यहां के लोगों को सुविधा देनी चाहिए। -रजत मेहता निवासी जीरकपुर।
नगर काउंसिल के अधिकारियों द्वारा जब यह काम शुरू करवाया गया तो उनसे प्लंबर रखने को कहा था ताकि टूटफूट होने पर पाइपों को ठीक किया जा सके। परंतु यहां ऐसा नहीं किया गया है। -हरभगवान निवासी जीरकपुर।
हमारे यहां पानी की सप्लाई बंद हो गई है। इससे पीने के पानी की किल्लत हो रही है। लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्लंबर को बुलाकर टूटी हुई पाइप लाइन को ठीक करवाया जाए। -विजय मित्तल, निवासी जीरकपुर।