मोहाली। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड कर्मचारी यूनियन की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह बोर्ड परिसर में आयोजित किया गया। इस अवसर पर चुनाव आयोग के सदस्य गुलाब चंद ने विजयी उम्मीदवारों के परिणामों की आधिकारिक घोषणा कर उनको सम्मानित किया। संगठन के प्रेस सचिव मनजिंदर सिंह ने बताया कि नवनिर्वाचित महासचिव परमजीत सिंह बेनीपाल को पूर्व संगठन के महासचिव ने आधिकारिक रूप से कार्यवाही रजिस्टर सौंपा। इस मौके पर पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. अमरपाल सिंह ने भी समारोह की अध्यक्षता की और कर्मचारियों को एकजुट रहने, समर्पण भाव से सेवा करने और बोर्ड के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
बोर्ड यूनियन के अध्यक्ष परविंदर सिंह खंगूड़ा ने कहा कि यह संगठन कर्मचारियों के विश्वास का प्रतीक है, जो हमारी भावना को मजबूत करता है। नवनिर्वाचित पदाधिकारी लखविंदर सिंह घड़ूआं, मनोज कुमार राणा और गुरचरण सिंह तरमाला ने भी संबोधित किया। इस मौके पर नवनिर्वाचित टीम के पदाधिकारी गुरजीत सिंह बिदोवाली, सीमा सूद, हरमनदीप सिंह बोपाराय, मलकीत सिंह गग्गर, राजीव कुमार, तेजिंदर सिंह कालेका, रणजीत सिंह, राकेश कुमार, सुखदेव सिंह, जोगिंदर सिंह, मनजिंदर सिंह कंग, रूपिंदर कौर, वरिंदर कौर और सुरिंदर सिंह भी मौजूद रहे।