मोहाली। हाईकोर्ट के आदेशों के पालन में नगर निगम ने शहर में अवैध कब्ज़ों के खिलाफ बड़े पैमाने पर अभियान तेज कर दिया है। वीरवार को दूसरे दिन भी नगर निगम की टीम ने कमिश्नर परमिंदर पाल सिंह की अगुवाई में फेज-4 में अवैध निर्माणों और कब्ज़ों को हटाने की कार्रवाई जारी रखी। कार्रवाई के समय कई जगह लोगों ने विरोध जताया और टीम से बहस भी हुई, लेकिन नगर निगम अधिकारी हाई कोर्ट के निर्देशों का हवाला देकर अपनी कार्रवाई जारी रखते रहे। कमिश्नर परमिंदर पाल सिंह ने कहा कि शहर में अवैध कब्ज़ों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कई बार नोटिस देने के बावजूद कुछ लोगों ने कब्ज़े नहीं हटाए, जिसके चलते अब कड़ी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी यह अभियान जारी रहेगा और जिन इलाकों में सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण पाया गया, वहां बिना किसी रियायत के कार्रवाई की जाएगी।