मोहाली। नगर निगम के मेयर अमरजीत जीती सिद्धू ने फेज़-7 के औद्योगिक क्षेत्र में नए ग्रिल लगाने के कार्य का उद्घाटन किया। मेयर ने बताया कि 49 लाख रुपये की लागत से निर्मित यह परियोजना औद्योगिक क्षेत्र की सुंदरता और सुरक्षा दोनों के लिए मील का पत्थर साबित होगी। यह ग्रिल कार्य ईएसआई अस्पताल के पास शुरू किया गया है और निकट भविष्य में पूरा औद्योगिक क्षेत्र इससे कवर हो जाएगा। मेयर सिद्धू ने उद्घाटन के अवसर पर कहा कि मोहाली का विकास उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा की मोहाली को न केवल पंचकूला-चंडीगढ़ से भी अधिक आधुनिक शहर बनाना है, बल्कि उद्योगों के लिए एक आदर्श केंद्र भी बनाना है। यह ग्रिल कार्य न केवल सुंदरता, बल्कि सुरक्षा और स्वच्छता के लिए भी एक महत्वपूर्ण कदम है।इस अवसर पर मेयर ने मोहाली वासियों को आश्वासन दिया कि शहर में सड़कों, पार्कों, लाइटों और जल निकासी व्यवस्था से जुड़ी अन्य परियोजनाएं भी जल्द ही शुरू की जाएंगी। इस मौके पर मेयर ने इस काम में अधिकारियों से गुणवत्ता से समझौता न करने और परियोजना को दीर्घकालिक रूप से टिकाऊ बनाने का आह्वान किया।