मोहाली। नए सेक्टरों में पानी ऊंचे दामों का मामला फिर से गमाडा के द्वार पहुंच गया है। नए सेक्टरों के पार्षदों के एक दल ने गमाडा के अधिकारियों से मुलाकात की है। साथ ही गुहार लगाई है कि पानी के रेटों को तुरंत कम किया जाए क्योंकि एक ही शहर में दो तरह के पानी के रेट वसूले जा रहे हैं जो नियमों के विपरीत है। इस वजह से इलाके के 12 हजार परिवार मुश्किल उठा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक सेक्टर-66 से 69 व 76 से 80 के पार्षदों ने गमाडा के अधिकारियों को एक पत्र सौंपा है। उनका कहना है कि उनके एरिया के लोगों के साथ धक्का किया जा रहा है। उनसे इलाके के लोगों से पानी के रेट अन्य शहर की तुलना में साढ़े पांच गुणा से अधिक वसूला जा रहा है। इस संबंधी पहले भी बताया जा चुका है लेकिन गमाडा द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। नगर निगम के एरिया में प्रति हजार लीटर पानी के रेट 1.80 रुपये वसूले जाते हैं जबकि उनसे इतने ही पानी के 9.90 रुपये वसूले जाते हैं।
नगर निगम को पहले ही दे रखी है संघर्ष की चेतावनी
जानकारी के मुताबिक पानी के ऊंचे दामों को कम करने के लिए उक्त इलाकों के पार्षद पहले ही संघर्ष की चेतावनी दे चुके हैं। उन्होंने नगर निगम को कहा है कि चौबीस तक तक इस मामले को हल नहीं किया गया तो वे संघर्ष की राह पर आ जाएंगे। इस दौरान उनके साथ इलाके के लोग भी रहेंगे। उन्होंने कहा कि यह संघर्ष उस समय तक चलेगा जब तक इस समस्या का हल नहीं निकलता है।