जीरकपुर। जीरकपुर-पंचकूला हाईवे की सीमा पर डिवाइडर से टकराकर एक कार अचानक पलट गई। इसमें किसी को कोई चोट तो नहीं आई, लेकिन हादसे के बाद वहां ट्रैफिक जाम हो गया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची।
जांच अधिकारी एएसआई जसवीर सिंह ने बताया कि शाम करीब साढ़े 6 बजे इनोवा कार इंडस्ट्रियल एरिया में सर्विस करवाने के बाद वापस हाईवे की तरफ आ रही थी। जैसे ही कार जीरकपुर-पंचकूला सीमा पर हाईवे के पास पहुंची तो कार चालक से एक्सीलेटर पर पैर रखा गया, जिसके चलते कार मुड़ने के बजाय अपने सामने डिवाइडर के साथ टकराकर पलट गई। इसमें सवार चालक को किसी तरह की चोटें नहीं आई। हादसे के बाद लगने वाले जाम की सूचना पर ढकोली पुलिस मौके पर पहुंची, जिसने कार्रवाई को लेकर पूछताछ शुरू की। दूसरी ओर, कार के मालिक ने किसी तरह की कार्रवाई से मना कर दिया और अपनी कार को लेकर वहां से चला गया। जांच अधिकारी एएसआई जसवीर सिंह ने बताया कि कार मालिक ने कोई शिकायत नहीं दी, जिसके चलते बिना कोई बयान दर्ज उसे जाने के आदेश दे दिए।