मोहाली। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने बुधवार को मोहाली स्थित डिप्टी कमिश्नर कार्यालय में मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत चल रही पंजीकरण प्रक्रिया की समीक्षा की। उन्होंने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि 190 केंद्रों पर पंजीकरण की रफ्तार तेज की जाए, ताकि योजना का लाभ सभी पात्र नागरिकों तक समय पर पहुंच सके। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि योजना के अंतर्गत 900 से अधिक सरकारी और निजी अस्पतालों को सूचीबद्ध किया गया है। करीब 2,300 उपचार पैकेज शामिल हैं। इसमें यह देश की सबसे व्यापक स्वास्थ्य योजनाओं में शामिल है। डॉ. बलबीर सिंह ने स्पष्ट किया कि इस योजना के तहत भर्ती से लेकर उपचार, सर्जरी, लैब जांच और दवाइयों तक की सभी सेवाएं बिना किसी शर्त के कवर की जाती हैं।
163 विलेज और 27 विशेष पंजीकरण हैं शामिल
इस मौके पर मोहाली की डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल ने स्वास्थ्य मंत्री को बताया कि जिले में इस समय कुल 190 पंजीकरण केंद्र कार्यरत हैं। इनमें 163 विलेज लेवल एंटरप्रेन्योर (वीएलई/सीएससी) केंद्र और 27 विशेष पंजीकरण शिविर शामिल हैं। उन्होंने बताया कि अधिकतम लोगों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए विशेष शिविरों के स्थान आवश्यकता के अनुसार बदले जा रहे हैं। इस समीक्षा बैठक में एडीसी (विकास) सोनम चौधरी, सिविल सर्जन डॉ. संगीता जैन, सीएमएफओ गुरमीत सिंह सोही, डिप्टी मेडिकल कमिश्नर डॉ. अमनदीप कौर और जिला योजना समिति की चेयरपर्सन इंजीनियर प्रभजोत कौर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।