मोहाली। पल्लनपुर में चल रहे तीन दिवसीय पंजाब घुड़सवारी मेले में जहां विभिन्न नस्लों के घोड़े आकर्षण का केंद्र बने हैं, वहीं लोक-संस्कृति की रंग-बिरंगी प्रस्तुतियों ने भी पूरे मेले को जीवंत कर दिया है। सांस्कृतिक गतिविधियों के मेजबान गुरबख्शीश सिंह अंटाल ने बताया कि डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल और मेला अफसर-कम-विकास एडीसी सोनम चौधरी के नेतृत्व में मेले में पारंपरिक लोक-नृत्यों और लोक-कलाओं को पूरा मंच दिया जा रहा है।
मेले का सबसे दिलचस्प आकर्षण उस समय बना जब मालवा आर्ट एंड कल्चर सोसाइटी, मोहाली के बुजुर्ग कलाकारों ने मर्दों का गिद्दा प्रस्तुत किया। प्रीतम सिंह रूपाल की अगुवाई में 70 वर्ष की उम्र पार कर चुके कलाकारों ने मालवे की ठेठ बोलियों और पारंपरिक ताल के साथ ऐसा प्रदर्शन किया कि पूरा मैदान तालियों और उत्साह से गूंज उठा।
उनकी प्रस्तुति में पंजाब के गांवों की रौनक, लोक-बोलियों की मिठास और लोक-कलाओं की झलक इतनी जीवंत थी कि मुख्य अतिथि, पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने प्रभावित होकर कलाकारों को 11,000 रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की।