जीरकपुर। लोगों को शहर में जमीन खरीदकर मकान बनाने के लिए नक्शा पास करवाने में कई-कई महीने धक्के खाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। लोगों को यह परेशानियां पहले विधानसभा चुनाव में लगाई अधिकारियों की ड्यूटियां और चुनाव के बाद नई सरकार की ओर से विभाग में होने वाले अधिकारियों के तबादलों के कारण झेलनी पड़ रही हैं। आलम यह है कि नक्शा पास करवाने के लिए आवेदन दिए छह महीनों से ऊपर का समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक पोर्टल पर पड़ी फाइलेें विभाग के अधिकारियों की मंजूरी का इंतजार कर रही हैं।
जानकारी के मुताबिक, शहर में प्रॉपर्टी खरीदने के बाद व्यक्ति को मकान, दुकान और अन्य निर्माण के लिए नगर काउंसिल के नक्शे की कॉपी लगाकर आवेदन देना होता है। ये आवेदन लोगों की ओर से आर्किटेक्ट की मदद से ऑनलाइन पोर्टल के जरिये किया जाता है, जिसके पास होने की समय सीमा 21 दिन होती है। दूसरी ओर, नगर काउंसिल में लोगों को नक्शे के लिए आवेदन दिए 6-6 महीने से अधिक का समय हो चुका है लेकिन अभी तक फाइल पोर्टल में अधिकारियों की मंजूरी का इंतजार कर रही हैं। आलम यह है कि विभाग की ओर से मंजूरी न मिलने के कारण लोग भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं, जो बैंक से लिए लोन की किश्तों के साथ-साथ किराए के मकान मालिक को किराया चुकाने के लिए मजबूर हैं।
पहले विधानसभा चुनाव और अब अधिकारियों के तबादले से रुका काम
जानकारी के मुताबिक ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन देने के बाद अधिकारियों के पास 21 दिन का समय होता। इसमें विभाग में कार्यरत बिल्डिंग इंस्पेक्टर की ओर से आवेदनकर्ता की संबंधित प्रॉपर्टी की मौके पर जाकर जांच की जाती है, जिसके बाद अपनी मंजूरी प्रदान करके फाइल उच्चाधिकारियों को भेज दी जाती है। दूसरी ओर, विभाग की इस पूरी प्रक्रिया में 21 कामकाजी दिन का समय लगता है, लेकिन मार्च में हुए विधानसभा चुनाव और फिर नई सरकार के गठन के बाद विभागों में अधिकारियों के तबादले की वजह से लोगों की फाइलें 6-6 महीनों से पोर्टल में अधिकारियों की मंजूरी का इंतजार कर रही हैं।
कोट्स :::
मेरी तैनाती पिछले महीने 18 जुलाई को हुई हैं और लोगों की ओर से नक्शों के आवेदन मेरे से पहले के हैं। लेकिन मामला मेरे संज्ञान में आने के बाद बिल्डिंग विभाग के अधिकारियों से लगातार बैठकों का दौर जारी है, जिसमें नक्शों की फाइलों की जांच प्रक्रिया को तेज करते हुए अधिकारियों को जल्द मंजूरियां प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं। -रवनीत सिंह, ईओ, नगर काउंसिल जीरकपुर।