लालड़ू। मंगलवार देर शाम ट्रेन के आगे कूदकर जान देने वाली 32 वर्षीय महिला के खुदकुशी के मामले में पुलिस ने अभी तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया। इस पर मृतका के परिजनों और इलाका निवासियों ने शुक्रवार को रेलवे पुलिस चौकी का घेराव कर रोष प्रदर्शन किया। इनका कहना था कि जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं किए जाते वे मृतका के शव का दाह संस्कार नहीं करेंगे। बता दें कि मृतका का शव डेराबस्सी के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखा हुआ है। उन्होंने रेलवे पुलिस को शनिवार सुबह 11 बजे तक आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए जाने की चेतावनी भी दी है।
बता दें कि मृतका ने मंगलवार को ट्रेन के आगे कूद कर जान दे दी थी। उसने एक सुवाइड नोट में अपने दफ्तर के सुपरिंटेंडेंट भूपिंदर सिंह और सीनियर असिस्टेंट अरविंदर सिंह की ओर से शारीरिक शोषण और परेशान करने का आरोप लगाया है। इन दोनों को अपनी मौत का जिम्मदार ठहराया है। मृतका के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। लेकिन अभी तक इनकी गिरफ्तारी नहीं की गई।
वहीं, मृतका के परिवार से हमदर्दी प्रकट करने के लिए हलका विधायक एनके शर्मा, आम आदमी पार्टी के सीनियर नेता कुलजीत सिंह रंधावा, बसपा नेता चरणजीत सिंह देवी नगर, नगर परिषद जीरकपुर के प्रधान उदयवीर सिंह ढिल्लों सहित भारी संख्या में इलाके के लोग पहुंचे। रेलवे पुलिस पटियाला के डीएसपी दविन्द्र सिंह, एसएचओ गुरदर्शन सिंह ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए जगह-जगह दबिश दी जा रही है और आउटलुक नोटिस भी जारी किया गया है ताकि आरोपी विदेश न जा सकें।