ठेके के पास मिला शव, परिजनों के बारे में नहीं पता चला
शव के पास मिली शराब की बोतल और आधार कार्ड
माई सिटी रिपोर्टर
मोहाली। फेज-1 स्थित ठेके के समीप सुबह के समय एक व्यक्ति अचेत हालात में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उससे मिले आधार कार्ड के अनुसार उसकी पहचान राहुल कुमार (38) वासी खरड़ के तौर पर हुई है। शव मुर्दाघर में रखवा दिया है। शव पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। उसमें मौत का असल कारण पता चल जाएगा।
फेज-1 थाना प्रभारी सुमित मोर ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे सूचना मिली थी कि फेज-1 स्थित ठेके के पास एक व्यक्ति अचेत हालात में पड़ा हुआ है। सूचना पाते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंचकर उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शव के पास से पुलिस को एक शराब की बोतल और मृतक का आधार कार्ड मिला है। पुलिस ने वहां जाकर राहुल के बारे में पूछताछ की तो पता चला कि वह करीब सात साल पहले उस पते पर रहता था। इसके बाद वह कहां पर शिफ्ट हुआ है, इसकी जानकारी पड़ोसियों को नहीं थी। पुलिस मृतक के परिजनों का पता लगाने में जुट गई है। पुलिस को प्राथमिक जांच में लग रहा है कि शायद राहुल की मौत अधिक शराब का सेवन करने से हुई है लेकिन अधिकारियों की माने तो शव का पोस्टमार्टम करवाए जाने के बाद ही मौत का असल कारण सामने जा पाएगा।