मोहाली। कबड्डी प्रमोटर राणा बलाचौरिया हत्याकांड में वांछित मुख्य शूटर अमृतसर निवासी करन डिफॉल्टर के दुस्साहस के पीछे उसका वह आत्मविश्वास था, जो उसे पहले कई बार कानून से बच निकलने के बाद मिला था। अमृतसर का रहने वाला करन डिफॉल्टर पहले से ही कई हाई-प्रोफाइल मामलों में वांछित था। इसमें कुख्यात गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की मां की हत्या का मामला भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, हाल ही में वह राणा बलाचौरिया हत्याकांड में देशभर में पीछा किए जाने के बाद पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया गया था। इस कार्रवाई में पंजाब पुलिस की एजीटीएफ, कोलकाता एसटीएफ और केंद्रीय एजेंसियां शामिल भी थीं।
जांच अधिकारियों का कहना है कि बलाचौरिया हत्याकांड पूरी तरह सुनियोजित था। 15 दिसंबर 2025 को आरोपी और उसके साथी सोहाना के कबड्डी कैंप में सेल्फी लेने के बहाने घुसे और नजदीक से फायरिंग कर हत्या को अंजाम दिया। इसके बाद आरोपी ने कई राज्यों में वाहन और ठिकाने बदलते हुए पुलिस से बचने की कोशिश की। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यही भरोसा कि वह हर बार बच निकलता रहा है, उसे दोबारा पुलिस को चकमा देने के लिए उकसाता रहा। लेकिन इस बार उसकी यही सोच आखिरी साबित हुई और तड़के मोहाली की सड़क पर उसका अपराधी सफर समाप्त हो गया।