कुराली। पुराने पुलिस स्टेशन के सामने दुकान के बाहर बैठे एक बुजुर्ग पर सांड ने हमला करके घायल कर दिया। इससे बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान गिरधारी लाल के रूप में हुई है। इलाके के लोगों ने पंजाब सरकार एवं निकाय विभाग से अपील की है कि संरक्षित पशुओं पर उचित कार्रवाई की जाए। जानकारी के मुताबिक आरके स्टेशनरी की दुकान के मालिक राकेश कुमार के पिता गिरधारी लाल दुकान के बाहर कुर्सी पर बैठे हुए थे। इसी दौरान एक सांड ने अचानक आकर उन पर हमला कर दिया और वह घायल हो गए। उनको सिविल अस्पताल ले जाया गया। डाक्टरों ने उसको जीएमएसएच सेक्टर-16, चंडीगढ़ रेफर कर दिया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही गिरधारी लाल ने दम तोड़ दिया।
बता दें कि ऐसा पहली बार नहीं हुआ जब संरक्षित पशु की वजह से किसी व्यक्ति की जान गई है। इस तरह के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। खरड़ में एक बुजुर्ग पर लावारिस पशु ने हमला कर दिया था और बुजुर्ग की मौत हो गई थी। इसके अलावा मोहाली में बाइक सवार दंपती के आगे संरक्षित पशु आ जाने से व्यक्ति की मौत हो गई थी। जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी। इस संबंध में पीड़ित परिवार ने सरकार से मुआवजे की मांग की थी।