डेराबस्सी। तीन दिन से लापता गांव बेहड़ा निवासी नंबरदार करम सिंह का शव गांव गुलाबगढ़ के खाली प्लॉट में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। मामले की जांच शुरू कर दी है।
करम सिंह के बेटे संदीप सिंह ने बताया कि उनके पिता तीन दिन पहले घर से तहसील गए थे। वहां से वे नहीं लौटे। परिवार ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। पुलिस भी उनकी तलाश में लगी थी।इसी दाैरान किसी राहगीर ने पुलिस को सूचना दी कि गुरुद्वारा बुंगा साहिब के पास की एक कॉलोनी के खाली प्लॉट में एक व्यक्ति का शव संदिग्ध हालत में पड़ा है। जब पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की तो शव की पहचान करम सिंह के रूप में हुई।
थाना प्रभारी सुमित मोर ने बताया कि शव कब्जे में लेकर मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में यह लूटपाट या हत्या का मामला प्रतीत नहीं होता। मृतक के हाथ में सोने का कड़ा और अंगूठी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारण का खुलासा होगा।
कैप्शन – मृतक नंबरदार करम सिंह की पुरानी तस्वीर