मोहाली। मोबाइल छीनकर भाग रहे मोटरसाइकिल सवार दो झपटमारों की मोटरसाइकिल थोड़ी दूर जाकर बंद हो गई। इस दौरान पीड़ित के चिल्लाने पर लोगों ने एक झपटमार को दबोच लिया, जबकि दूसरा फरार हो गया। दबोचे गए झपटमार को लोगों ने पुलिस के हवाले कर दिया है। फेज-11 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान धरमिंदर सिंह निवासी गांव मनोली सूरत, बनूड़ के रूप में हुई है। वहीं एक साथी मौके से फरार हो गया।
शिकायतकर्ता अनिल निवासी राम दरबार, चंडीगढ़ ने बताया कि वह कारपेंटर का काम करता है। 16 अक्तूबर की शाम पौने छह बजे जब वह सेक्टर-88 से साइकिल पर घर लौट रहा था। जब वह सेक्टर-67 के पास पहुंचा तो पत्नी से बात करने के लिए मोबाइल फोन जेब से निकाला ही था कि तभी उक्त आरोपी का साथी मोटरसाइकिल पर आया और उसके हाथ से फोन झपटकर ले गया। इस पर उसने शोर मचाया लेकिन वे भाग गए। लेकिन कुछ दूर जाते ही उनकी मोटरसाइकिल बंद हो गई। इस पर लोगों ने एक आरोपी को दबोच लिया, जबकि दूसरा झपटमार बाइक को ताला लगाकर मौके से फरार हो गया। इसके बाद लोगों ने दबोचे गए युवक को पीटा और फिर पुलिस बुलाकर सौंप दिया।