मोहाली। पंजाबी सिंगर मनकीरत औलख को जान से मारने की धमकी देने वाला गिरफ्तार आरोपी हरजिंदर सिंह पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर है। सूत्रों के अनुसार रिमांड में आरोपी ने खुलासा किया है कि उसने शराब के नशे में पंजाबी सिंगर मनकीरत औलख का इंस्टाग्राम और फेसबुक अकाउंट देखा तो उसे औलख का ऑफिशियल नंबर मिला। इस पर उसने पंजाबी में औलख को जान से मारने की धमकी दे डाली। उसका मकसद डराकर रंगदारी मांगना था। उसने बताया कि धमकी देने के बाद औलख के मैनेजर ने उसे कॉल की थी जो बाद में वायरल हुई। वहीं, उसने बताया कि अगले दिन उसने अखबार में खबरें पढ़ी और उसे पता चला कि केस दर्ज हो गया है। वह पकड़ा न जाए इसके लिए वह तत्काल में टिकट लेकर इटली भागने की फिराक में था और दिल्ली एयरपोर्ट पर पकड़ा गया।
वहीं, पुलिस को पता चला था कि जिस विदेशी नंबर से धमकी दी गई थी उसकी लोकेशन चंडीगढ़ में है, जिसके बाद चंडीगढ़ के सारंगपुर थाने की मदद भी ली गई। उसकी लोकेशन ट्रेस करने के बाद जब पुलिस ने उसके खुड्डा जस्सू में घर पर रेड की तो वह वहां से भाग चुका था। पुलिस ने तुरंत लुक आउट नोटिस जारी किया और आरोपी को दिल्ली में इंटरनेशनल एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया था। जानकारी के अनुसार आरोपी कुछ साल से इटली में रह रहा था और उसके खिलाफ थाना मटौर में केस दर्ज किया गया है। आरोपी से और भी खुलासे होने की उम्मीद है।
ये है मामला
21 अगस्त को आरोपी ने विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल पर मनकीरत औलख को पंजाबी में धमकी भरा मैसेज भेजा था। इसके बाद औलख के मैनेजर की उसी नंबर पर बात भी हुई थी, जिसमें आरोपी ने मनकीरत को मारने की धमकी दी थी। धमकी में लिखा था कि तैयारी कर ले मेरे पुत्त, तेरा टाइम आ गया। चाहे तेरी जनानी होवे चाहे तेरा बच्चा होवे सानू कोई फरक नी पैंदा पुत्त, तेरा नंबर लाऊना हुंदा, ऐह ना सोची की तैनू धमकी दे के कोई मजाक कीता, नंबर लाना पुत्त किद्दा लगदा देखी चल्ल पुत्त तेरे नाल की-की होणा। जिस नंबर से यह मैसेज आया था वह ट्रू कॉलर पर प्रीत नाम दिखा रहा था। यह मैसेज मिलने के बाद मनकीरत औलख के मैनेजर ने उस नंबर पर बातचीत की थी।