अध्यापकों के धरने में पहुंचे आप नेता।
- फोटो : MOHALI
मोहाली। शिक्षा विभाग का घेराव करके बैठे कच्चे (अस्थायी) अध्यापकों की शिक्षा मंत्री के साथ मंगलवार को होने वाली बैठक टल गई है। अब यह बैठक 25 जून को निर्धारित की गई है। वहीं, पक्के (स्थायी) होने और समान वेतन की मांग करते हुए कच्चे अध्यापकों ने 7वें दिन भी शिक्षा विभाग का घेराव जारी रखा।
पक्के करने को लेकर और समान वेतन की मांग को लेकर पिछले सात दिनों से कच्चे अध्यापकों ने शिक्षा विभाग का घेराव किया हुआ है। जिला प्रशासन, शिक्षा सचिव और सरकार के नुमाइंदो के साथ कई दौर की बैठकें होने के बाद भी कोई नतीजा नहीं निकल सका है। मंगलवार को प्रदर्शनकारी अध्यापकों की शिक्षा मंत्री विजय इंदर सिंगला के साथ बैठक तय हुई थी। शिक्षा मंत्री के पटियाला में व्यस्त होने के कारण मंगलवार को यह बैठक 25 जून तक के लिए टाल दी गई है। अब 25 जून को प्रदर्शनकारियों का प्रतिनिधिमंडल दोपहर 12:30 पर पंजाब भवन चंडीगढ़ पहुंचेगा। जहां उनकी शिक्षा मंत्री विजय इंदर सिंगला, प्रिंसिपल सेक्रेटरी सुरेश कुमार, शिक्षा सचिव कृष्ण कुमार व सीएम के सियासी सलाहकार कैप्टन संदीप संधु के साथ बैठक होगी।
वहीं, प्रदर्शनकारी कच्चे अध्यापकों के स्टेट कनवीनर दविंदर सिंह संधू, अजमेर सिंह औलख और वीरपाल सदाना का कहना है कि मांगे पूरी न होने तक धरना जारी रहेगा। प्रदर्शनकारी अध्यापकों के चार साथी पिछले 7 दिनों से शिक्षा विभाग की छत पर चढ़े हुए हैं। ये लोग अपने साथ पेट्रोल की बोतलें और सल्फास की गोलियां लेकर चढ़े हुए हैं। ये लोग मांगे पूरी न होने पर आत्मदाह करने, जहर खाकर या फिर 7वीं मंजिल से कूद कर जान देने की धमकी दे रहे हैं। पिछले बुधवार को प्रदर्शन के पहले दिन एक महिला अध्यापक ने जहरीला पदार्थ निगल लिया था।