कुराली। गांव सिंघपुरा में लोगों को मिल रहीं सुविधाओं का जायजा लेने के लिए आईएएस अधिकारियों की टीम पहुंची। आईएएस अधिकारी हरप्रीत सिंह, आकाश बंसल और अन्य ने गांव सिंघपुरा के सरकारी स्कूल और जलघर आदि का दौरा किया।
अधिकारियों ने स्कूल में विद्यार्थियों को प्रोजेक्टरों के माध्यम से उपलब्ध करवाई जा रही शिक्षा के लिए किए प्रबंधों के साथ पीने के पानी, बैठने और बिजली आदि की व्यवस्था की जानकारी ली। इसके अलावा स्मार्ट क्लास रूम, पुस्तकालय, कंप्यूटर रूम और आर्ट एंड क्राफ्ट रूम भी देखे।
प्रिंसिपल पुशपिंदर कौर ने स्कूल में विद्यार्थियों को दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। जल सप्लाई और सैनिटेशन कमेटी के चेयरमैन और सरपंच साधू सिंह ने अधिकारियों को गांव में मिल रहीं सुविधाओं के बारे में बताया। अधिकारियों ने प्रबंधों की प्रशंसा की। इस मौके पर सरपंच साधू सिंह, एक्सईएन माइकल, एसडीई रजिंदर सचदेवा, रिंपी, जई सतपाल, पंच बलजीत सिंह और गुरनाम सिंह आदि भी उपस्थित रहे।