मोहाली में जिला ट्रांसपोर्ट विभाग ने शुक्रवार को उन कॉमर्शियल वाहनों पर शिकंजा कसा, जो कि मोटर व्हीकल टैक्स चुकाए बिना ही शहर की सड़कों पर दौड़ रहे थे। इस दौरान डीटीओ करण सिंह ने मौके पर पहुंचकर चंडीगढ़ से आई मुर्गा की गाड़ी को रोका।
गाड़ी चालक को दस्तावेज दिखाने के लिए कहा गया, लेकिन वह कोई दस्तावेज नहीं दिखा पाया। इसके बाद गाड़ी को फेज-8 इंडस्ट्रियल थाने की चौकी ले जा गया। गर्मी ज्यादा होने से मुर्गों की हालत भी खस्ता हो गई थी। इसके बाद ड्राइवर ने गाड़ी मालिक से दूसरी गाड़ी मंगवाकर मुर्गों को भेजा।
जानकारी के मुताबिक, जिला ट्रांसपोर्ट विभाग मोटर व्हीकल टैक्स नहीं चुकाने वाले कॉमर्शियल वाहनों पर शिकंजा कसने के लिए दो दिन मुहिम चला रहा है। विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, दो दिन में नियम तोड़ने वाले 50 कॉमर्शियल वाहनों के चालान काटे गए। इनमें चार स्कूली बसें भी हैं। यह स्कूलीं बसे खरड़ एरिया की हैं। वहीं, डीटीओ ने बताया कि यह मुहिम आगे भी जारी रहेगी।
एयरपोर्ट रोड पर पुलिस के नाके
दूसरी तरफ ट्रैफिक पुलिस भी शहर में पूरी तरह अलर्ट हो गई है। ट्रैफिक पुलिस की तरफ से शहर के विभिन्न स्थानों पर नाके लगाए जा रहे हैं। वहीं, शुक्रवार को पुलिस की तरफ से एयरपोर्ट रोड पर विशेष नाका लगाया गया। नाके की अगुवाई ट्रैफिक इंचार्ज गुरमीत सिंह सोहल कर रहे थे। उन्होंने बताया कि उनका उद्देश्य केवल ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों के चालान काटना ही नहीं है, बल्कि लोगों को ट्रैफिक नियम भी सिखाना है।