टीकाकरण के लिए स्कूटी पर जा रही नर्सों को टाटा-407 ने मारी टक्कर, एक की मौत
दूसरी घायल, बनूड़ से तेपला राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव खलौर के पास हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
लांडरां/बनूड़। लांडरां से तेपला को जाते बाबा बंदा सिंह बहादुर मार्ग पर स्कूटी पर टीकाकरण के लिए जा रही नर्सों को एक टाटा-407 ने टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों नर्सें गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया। यहां एक नर्स की मौत हो गई, दूसरी का पीजीआई में इलाज चल रहा है।
सिविल अस्पताल बनूड़ में तैनात एएनएम बेअंत कौर नर्स दीक्षा के साथ स्कूटी पर गांव खलौर जा रही थी। जब वे खलौर गांव के पास एचपी पेट्रोल पंप के सामने पहुंचीं तो पीछे से आ रही तेज रफ्तार टाटा-407 मेल पार्सल गाड़ी ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों नर्सें गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें इलाज के लिए बनूड़ के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने बेअंत कौर की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पीजीआई रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान गंभीर चोटें लगने से उसकी मौत हो गई।
इस मामले को लेकर जब जांच अधिकारी जसविंदर पाल से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि मृतक बेअंत कौर के पति दविंदर सिंह के बयान के आधार पर डाक पार्सल ले जाने वाले वाहन के अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शव का पोस्टमार्टम पीजीआई अस्पताल में कराकर शव वारिसों को सौंप दिया गया है।