भारत मे टी-20 के वर्ल्ड कप के आगाज 8 मार्च से होने जा रहा है। वर्ल्ड कप के मैचों से पहले मोहाली स्थित आईएएस बिंद्रा पीसीए स्टेडियम में वार्म अप मैच खेले गए। यह मुकाबले शुक्रवार को खेले गए। वार्म अप मैच में अफगानिस्तान की टीम ने नीदरलैंड को 16 रन से हरा दिया। टॉस जीतकर अफगानिस्तान की टीम ने बीस ओवर में 9 विकेट पर 152 रन बनाए।
टीम से एस शिनवानी ने शानदार 42 रन बनाए। कप्तान असगर ने 25 रन बनाए। वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीदरलैंड की टीम बीस ओवर में चार विकेट पर 136 रन बना सकी। टीम से बेन कूपर के 37 गेंदों पर तेजी से बनाए गए 50 रन भी किसी काम नहीं आए। इस पारी में 2 छक्के और 4 चौके शामिल रहे। अन्य बल्लेबाज बैरी ने 27 रन बनाए।
अफगान स्टूडेंट्स पहुंचे
मैच में अपनी टीम का हौसला बढ़ाने के लिए 200 से अधिक अफगानी स्टूडेंट भी पहुंचे। ये स्टूडेंट शहर में विभिन्न संस्थानों में पढ़ रहे हैं। इन स्टूडेंट ने अपनी टीम के बल्लेबाजों की ओर से बनाए हर एक रन और हर एक विकेट चटकाने पर तालियां बजाकर अपनी खुशी का इजहार किया।
स्टेडियम में टैरेस ब्लॉक पर इन छात्रों ने अपने देश का झंडा भी लगा रखा था। स्टैंड में बैठे रहमान ने बताया कि वह अफगानिस्तान टीम का हौसला बढ़ाने पहुंचे हैं। टीम के बल्लेबाज शिनवानी के शानदार 45 रनों पर रहमान ने काफी खुशी जताई।
मैच से पहले प्रर्थना की
अफगानिस्तान के खिलाड़ियों ने मैच से पहले ड्रेंसिग रूम में हेड कोच इंजमाम के साथ अपनी टीम की जीत के लिए प्रार्थना भी की।
जीतते ही झंडा लहराया
वार्म अप मैच में अफगानिस्तान टीम के जीतते ही स्टैंड पर अफगानिस्तानी स्टूडेंट खुशी से झूम उठे। प्रशंसकों ने हाथों में अफगानिस्तान का झंडा लहराकर अपनी टीम का हौसाला बढ़ाया।
अभ्यास सत्र का मिला फायदा
मैच में 45 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेल कर अपनी टीम को जिताने में अहम भूमिका निभाने वाले एस.शिनवानी ने बताया कि हमारी टीम पिछले दो हप्ते से नोएडा में अभ्यास सत्र में जमकर अभ्यास कर रहे थे। मोहाली में भी दो तीन पहले से अभ्यास किया था। जिसका हमारी टीम को फायदा मिला। शिनवानी ने कहा टीम ने स्कोर बोर्ड पर 153 रनों का नीदरलैंड टीम को लक्ष्य दिया था। जिसे नीदरलैंड की टीम पूरा नही कर सकी। हमारी टीम ने क्षेत्ररक्षण में भी बेहतर काम किया।