मोहाली में फेज-11 निवासी एक महिला से अमेरिकी महिला ने पहले व्हाट्सऐप पर दोस्ती की, फिर उसे अमेरिका में परिवार सहित बसाने के सपने दिखाकर रुपये ठग लिए। अब आरोपियों के फोन बंद आ रहे हैं। फेज-11 थाने में इस संबंध में केस दर्ज करवाया गया है। पुलिस ने धारा-406, 420 व 120बी केस दर्ज किया है। साथ ही मामले की जांच चल रही है।
पुलिस को दी शिकायत में जगविंदर कौर ने बताया कि वह फेज-11 की रहने वाली है। उन्हें अमेरिका के मोबाइल नंबर से वर्ष 2014 में एक मैसेज आया था। उसने मैसेज का जवाब दिया। दूसरी साइड वाली महिला ने बताया कि उसका नाम खदमा देवी है। वह यूएस में डॉक्टर है। इसके बाद दोनों में चैटिंग शुरू हो गई। इसके बाद आरोपी महिला ने उससे पूछा कि क्या वह परिवार संग अमेरिका आना चाहती है।
उसने उसे विदेश में स्थायी नागरिकता दिलाने का सपना दिखाया। साथ ही अमीर होने का ढोंग रचा। उसकी बातों में फंसकर उसने हां कर दी। साथ ही कहा कि कुछ दिन बाद उसका मैनेजर आप से बात करेगा। नवंबर-2014 के पहले हफ्ते में मोहित नाम के युवक का फोन आया। उसने खुद को खदमा देवी का मैनेजर बताया। साथ ही कहा कि खदमा काफी अमीर है। वहां उनका काफी रुतबा है। ऐसे में आपके वीजा में कोई दिक्कत नहीं आएगी।
फिर कहा-पार्सल में भेज रहे कपड़े और डॉलर
महिला ने बताया कि कुछ दिन बाद दोबारा मोहित का फोन आया। उसने कहा कि वह एक पार्सल भेज रहा है। इसमें डॉलर और कपड़े हैं। उसने कहा कि जब उनकी फैमिली यूएस पहुंचेगी तो उक्त कपड़े पहन लेना। इसके बाद उसने उनसे परिवार के मेंबरों के पासपोर्ट व अन्य जानकारी हासिल कर ली। साथ ही कहा कि व जल्द ही यूएस पहुंच जाएंगे।
महिला को ऐसे बनाया ठगी का शिकार
मोहित ने जगविंदर के पास दोबारा कॉल की। उसने कहा कि पार्सल दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंच गया है। कस्टम अधिकारियों ने पार्सल रोक दिया है। इसे रिलीज करवाने के लिए 37 हजार जमा करवाने होंगे। इसके बाद उन्होंने मोहित के बताए खाते में पैसे जमा करवा दिए। इसके बाद फिर से उसे मोहित का फोन आया साथ ही तर्क दिया कि उन्हें अधिक पैसे जमा करवाने होंगे। इसके लिए चार लाख चुकाने होंगे। फिर उसने पैसे जमा करवा दिए। लेकिन फिर वहां कुछ नहीं पहुंचा। इसके बाद उन्होंने मोहित और खदमा के नंबर फोन व व्हाट्सएप पर कॉल की। लेकिन वह दोनों बंद आ रहे है।