मोहाली। पिछले एक साल से कोरोना महामारी के दौरान फेज-6 स्थित सरकारी कॉलेज की हालत काफी खराब हो गई है। इस कॉलेज में सही तरीके से साफ-सफाई नहीं होने के कारण कई जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। इसके अलावा जिन पेड़ों की टहनियां आंधी की वजह से टूट गई थीं, वह भी कॉलेज में ही पड़ी हुई हैं और कॉलेज के परिसर में उगी जंगली घास भी कॉलेज की खूबसूरती बिगाड़ रही है। जबकि यह कॉलेज शहर के बीच में होने के कारण काफी मशहूर है और बहुत से बड़े राज्य स्तरीय समागम इसी कॉलेज में होते हैं।
जानकारी के मुताबिक जब भी यहां कोई बड़ा समागम होता है तो उस समय तो साफ-सफाई हो जाती है, इसके दौरान चार-पांच सफाई कर्मचारी कॉलेज की बिल्डिंग को साफ करने में पूरा दिन निकाल देते हैं। वहीं, छात्रों का मानना है कि कॉलेज प्रबंधन सफाई को लेकर गंभीर नहीं है। यहां के कई छात्रों ने कहा कि एक तरफ कोरोना काल में रोजाना स्वच्छता का पाठ पढ़ाया जा रहा है। लेकिन कॉलेज में जहां लोग खाने-पीने केे लिए जाते हैं, वहां पर गंदगी के ढेर आम देखे जा सकते हैं। जबकि उस जगह छात्र और प्रोफेसर तक सब जाते हैं। लेकिन किसी को भी सफाई से लेनादेना नहीं है।