विकास कार्यों पर सीएम की वीडियो कांफ्रेंसिंग में शामिल सेहतमंत्री बलबीर सिंह सिद्धू।
- फोटो : ??????
मोहाली। अब शहर के पार्कों की सूरत पूरी तरह बदल जाएगी। महानगरों की तर्ज पर पार्कों के अंदर लोगों को कई तरह की सुविधाएं दी जाएंगी। इनमें शानदार आकर्षक झोंपड़ी से लेकर ओपन एयर जिम और बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के चिल्ड्रेन प्ले कार्नर तैयार किए जाएंगे। इसके अलावा सैर करने वालों के लिए म्यूजिक का भी इंतजाम किया जाएगा।
यह पूरी प्रक्रिया अमरूत प्रोजेक्ट के तहत की जा रही है। यह जानकारी सोमवार को इलाके के विधायक एव सेहतमंत्री पंजाब बलबीर सिंह सिद्धू ने राज्य के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को दी। इस दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न नगर निगम के प्रोजेक्टों का ऑनलाइन शुभारंभ कर रहे थे। सेहतमंत्री ने बताया कि मोहाली शहर के पार्कों के सौंदर्यीकरण पर करीब 112.5 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। यह काम पूरे जोरों से चल रहे हैं। इसके अलावा जो पार्क शहर में पहले बनाए जा चुके हैं। उनकी देखभाल का जिम्मा नगर निगम की ओर से उठाया जा रहा है। वहीं, पंजाब सरकार ने शहरी विकास के लिए एडीसी शहरी की एक नई पोस्ट बनाई है। इसका उद्देश्य शहर का विकास करना है। बता दें कि ग्रामीण विकास के लिए पहले ही एडीसी विकास का एक पद है।
युद्धस्तर पर चल रहे विकास कार्य
सेहतमंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने बताया कि शहर में बढ़ रही आबादी को ध्यान में रखकर युद्धस्तर पर विकास कार्य किए जा रहे हैं। शहरी विकास के लिए अटल मिशन अमरूत प्रोजेक्ट के तहत जिले में 37.62 करोड़ रुपये की लागत से काम किया जा रहा है। इसकी पूरी योजना इलाके की जरूरतों को ध्यान में रखकर की गई है।
21.90 करोड़ रुपये से सुधारी जा रही सीवरेज लाइन
सेहतमंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने कहा कि जिले में सीवरेज की क्षमता बढ़ाने के लिए 21.90 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट चल रहे हैं। इस प्रोजेक्ट का 60 फीसदी काम पूरा हो चुका है। प्रोजेक्ट पूरा होने पर लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। इसके अलावा बरसाती पानी की निकासी के लिए प्रोजेक्ट तैयार किया गया है और इसकी डीपीआर तैयार हो गई है।