डेराबस्सी। सेहत विभाग की ओर से कोरोना वायरस को काबू करने के लिए ब्लॉक डेराबस्सी में घर-घर निगरानी एप द्वारा सर्वे शुरू किया गया है। इसके तहत सेहत विभाग डेराबस्सी के हर घर पर तब तक नजर रखेगा जब तक इस महामारी का खात्मा नहीं हो जाता।
इस संबंधी एसएमओ डॉ. संगीता जैन ने बताया कि सेहत व परिवार भलाई विभाग की ओर से मोबाइल आधारित एप घर-घर निगरानी के लिए लांच की गई है, जो वायरस की जल्दी पहचान व टेस्टिंग के लिए सहायक सिद्ध होगी। इससे कोरोना को फैलने से रोकने में मदद मिलेगी। इस मुहिम में आशा वर्कर व कम्युनिटी वालंटियर शामिल किए गए हैं। इस मुहिम के तहत 30 साल से ज्यादा उम्र की सभी शहरी व ग्रामीण जनसंख्या का सर्वेक्षण किया जाएगा।
30 साल से कम उम्र के सांस की बीमारी से पीड़ित व अन्य गंभीर रोगों जैसे डायबिटीज, दिल के रोग, गुर्दों के रोग, जिगर के रोग, स्ट्रोक, टीबी आदि से पीड़ित व कोरोना के लक्षण वाले व्यक्तियों को भी कवर किया जाएगा। यह सर्वे कोरोना का खात्मा होने तक बार-बार किया जाएगा। सर्वे के तहत हरेक व्यक्ति की पिछले एक हफ्ते से पूरी मेडिकल स्थिति व कोरोना के साथ-साथ दूसरी बीमारियों से पीड़ित व्यक्ति का डाटा तैयार किया जाएगा। यह डाटा कोविड से निपटने के लिए आगे की रणनीति बनाने में मददगार साबित होगा। इस दौरान कोरोना का लक्षण पाए जाने वाले व्यक्तियों का कोरोना टेस्ट यकीनी बनाया जाएगा। डॉ. जैन ने कहा कि कोरोना सहित अन्य बीमारियों का डाटाबेस तैयार करने के लिए आम लोग सेहत कर्मियों को सहयोग दें ताकि अच्छी सेहत सुविधाएं दी जा सकें।