मोहाली। वीआईपी शहर को रेहड़ी-फड़ी मुक्त बनाने के लिए बनाए जाने वेंडिंग जोन का डिजाइन तैयार कर लिया गया है। यहां दुकानदारों को सौंपे जाने वाले शैड का साइज 6 बाय 12 फुट का रखा गया है। जिसमें दुकानदार हर मौसम में अपना कारोबार कर पाएंगे। वहीं, यहां बिजली बचाने के लिए नगर निगम की ओर से यहां सोलर लाइटों की सुविधाएं भी दी जाएंगी और यहां विज्ञापन लगाकर नगर निगम कमाई भी करेगा।
इसके अलावा यहां बेहतर पार्किंग सुविधा दी जाएगी जिससे स्वच्छ भारत मुहिम को भी बढ़ावा मिलेगा। नगर निगम और प्रशासन के सहयोग से इन सब सुविधाओं को देने के लिए डिजाइन और खाका तैयार कर लिया गया है। जल्दी ही गमाडा से इस जगह के लिए सैद्घांतिक मंजूरी मिलने के बाद इस दिशा में कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।
जानकारी के मुताबिक वेंडिंग जोन का जो डिजाइन नगर निगम की तरफ से तैयार किया गया है। उसके मुताबिक 6 बाय 12 फुट का रहेगा। इसमें आगे और पीछे दो दुकानदार बैठेंगे। इसके साथ ही वहां पर लाइटिंग की सुविधा के लिए बकायदा सोलर लाइट लगाई जाएगी। इतना ही नहीं यहां पर स्वच्छ भारत मुहिम को भी बल मिलेगा। क्योंकि हर दुकान के बाहर बकायदा कूड़ेदान की सुविधा रहेगी। वहीं, नगर निगम द्वारा वहां पर कुछ जगह विज्ञापन के लिए भी तय की जाएगी। जहां पर नगर निगम विज्ञापन लगाकर आमदनी भी करेगा। साथ ही यहां पर होने वाले अन्य चीजों के खर्च निकालेगा। अधिकारियों का कहना है कि सारी प्लानिंग तैयार कर ली गई। जल्दी ही इसे आखिरी रूप दे दिया जाएगा।
जगह के लिए गमाडा से मंजूरी लेगा नगर निगम
मोहाली शहर गमाडा की ओर से बसाया गया है। जबकि नगर निगम की तरफ से शहर में मेंटीनेस का काम देखा जाता है। लेकिन अभी तक नगर निगम के पास वेंडिंग जोन बनाने के लिए उचित जगह नहीं है। ऐसे में नगर निगम जगह लेने के लिए कई बार गमाडा से पत्राचार कर चुका है। वहीं, अब निगम ने सैद्घांतिक मंजूरी लेने के लिए गमाडा को पत्र लिखने का फैसला लिया है।
542 वेंडर्स को अलाट होगी जगह
जानकारी के मुताबिक मोहाली में वेंडिंग जोन बनाने का काम चंडीगढ़ और पंचकूला के साथ ही शुरू हुआ था। वहां पर यह काम सिरे चढ़ गया था। लेकिन मोहाली में अभी तक यह वेंडिंग जोन नहीं बन पाया है। निगम के सर्वे में 993 लोग सामने आए थे, लेकिन 542 लोग ही शेष रह गए हैं। अभी उन्हीं को जगह देने के प्रयास किए जा रहे हैं।