जीरकपुर। जीरकपुर पुलिस ने लोगों को विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश कर तीन व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल एक व्यक्ति फरार है। जीरकपुर में यह धंधा जोरों पर चल रहा है और हर महीने लोग इन ठगों के शिकार बनते हैं। इसके बावजूद यह धंधा नहीं रोका जा रहा है। इससे भोले-भाले लोग इनके जाल में फंस जाते हैं और अपनी मेहनत के पैसे लुटाकर थाने के चक्कर लगाते रहते हैं। इस मामले में जीरकपुर के थाना प्रभारी इंस्पेक्टर गुरवंत सिंह ने बताया की पुलिस को सूचना मिली थी कि जीरकपुर के मेट्रो प्लाजा के शोरूम नंबर एक में संजीत सिंह निवासी मकान नंबर 443 फेस-3 मोहाली, पवन कुमार निवासी मंडी हिमाचल और नरिंदर सिंह ने विदेश भेजने के लिए ऑफिस खोला हुआ है। इनके पास सरकार की तरफ से विदेश भेजने के लिए कोई भी लाइसेंस नहीं है और वह लोगों को अपना शिकार बनाकर उनसे लाखों रुपये ठग लेते हैं। सूचना के आधार पर एएसआई जसविंदर की अगुवाई में एक टीम गठित कर मेट्रो प्लाजा के एक नंबर शोरूम की चेकिंग की गई तो वहां एक लैपटाप, 4 पासपोर्ट बरामद कर मौके से पुलिस ने संजीत सिंह और पवन कुमार को काबू कर इमिग्रेशन एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी करवाई शुरू कर दी है।