मोहाली। 15 सितंबर से पूरे राज्य में शुरू होने वाली 10वीं और 12वीं कक्षा की अनुपूरक परीक्षाओं को नकलमुक्त बनाने के लिए पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (पीएसईबी) काफी सख्त हो गया है। बोर्ड ने नकल पर नकेल कसने के लिए स्पेेशल टीमें गठित करने के साथ ही कई कदम उठाए हैं।
बोर्ड ने हालांकि साफ किया है कि परीक्षा केंद्रों में विद्यार्थियों के धार्मिक चिह्न, जूते और जुराबे न उतरवाए जाएं। परीक्षा केंद्रों में केवल पारदर्शी पानी की बोतल ही ले जाने की अनुमति होगी। परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल पर पूरी तरह से पाबंदी रहेगी। केंद्र के चारों तरफ धारा-144 लागू रहेगी। परीक्षा केंद्र के अंदर जाने की अनुमति किसी को नहीं होगी। इस संबंधी बोर्ड ने आदेश जारी किए गए है जिन्हें तुरंत प्रभाव से लागू कर दिया है।
पीएसईबी की परीक्षाओं में कई जगह से नकल संबंधी शिकायतें आती हैं। ऐसे में बोर्ड द्वारा हर बार कुछ नए कदम उठाए जाते हैं ताकि परीक्षाओं को अच्छे माहौल में करवाया जाए। परीक्षा संबंधी दिशानिर्देश में साफ किया है कि परीक्षा केंद्रों में कोशिश होनी चाहिए कि प्रत्येक विद्यार्थी अपना ही सामान प्रयोग करें। इसके साथ ही शौचालय, हाथ धोने, पानी पीने के लिए एक से अधिक विद्यार्थी न भेजें। एक सिंगल बेंच पर केवल एक ही विद्यार्थी बिठाया जाएगा। प्रश्नपत्र का पैकेट खोलते समय उसका समय पैकेट पर लिखा जाए। साथ ही उस पर डिप्टी सुपरिंटेंडेंट व निगरान अधिकारियों के हस्ताक्षर होने चाहिएं। हालांकि किसी प्रश्नपत्र के पैकेट की सील टूटी होगी तो उस बारे में बोर्ड को सूचित करना होगा।
ग्राउंड फ्लोर पर ही बनेंगे दिव्यांग विद्यार्थियों के परीक्षा केंद्र
दिव्यांग विद्यार्थियों के परीक्षा केंद्र केवल ग्राउंड फ्लोर पर ही बनाए जाएं। उन्हें परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं आनी चाहिए। याद रहे बोर्ड की 10वीं और 12वीं सालाना परीक्षाओं परीक्षाओं में सात लाख छात्र परीक्षा देते हैं। हालांकि कंपार्टमेंट के विद्यार्थियों की संख्या हजारों में होती है। इसके लिए बोर्ड अपनी सुविधानुसार परीक्षा केंद्र स्थापित करता है।
कंट्रोल रूम पर ऐसे करें संपर्क
पीएसईबी ने प्रश्न पत्रों से जुड़े मामलों को हल करने के लिए 0172-5227333, 339 व 340 नंबर तय किया है। इसके अलावा 97798-97152 पर संपर्क किया जा सकता है। परीक्षा संबंधी अन्य जानकारी बोर्ड की वेबसाइट https://www.pseb.ac.in/ से हासिल की जा सकती है।