जीरकपुर। स्थानीय सब-तहसील में मंगलवार को भी रजिस्टरी करवाने आए लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ा, क्योंकि डीसी इंप्लाइज की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। दूसरी ओर, पंजाब सरकार को करोड़ों के राजस्व का नुकसान उठाना पड़ रहा है। जमीन से संबंधित रजिस्ट्रेशन को लेकर नंबर जारी हुआ था वह लोग भी यहां पहुंचे, लेकिन कलमछोड़ हड़ताल के चलते कोई काम नहीं हुआ।
संगरूर से आए संजीव शर्मा ने बताया कि उन्होंने जीरकपुर में एक प्रापर्टी खरीदी है। इसकी रजिस्टरी के लिए सब-तहसील कार्यालय आया था। प्रापर्टी उन्होंने बैंक से लोन लेकर खरीदी हैं, जिसकी किश्तें भी जानी शुरू हो गई हैं। दूसरी ओर, डीसी ऑफिस कर्मचारियों की हड़ताल के चलते उनके द्वारा खरीदी गई प्रापर्टी अभी उनके नाम तक नहीं हो पाई। इसी तरह, हरियाणा के अंबाला निवासी राजीव कुमार ने बताया कि उन्हें कुछ पैसों की जरूरत हैं, जिसके चलते उन्होंने जीरकपुर में पड़ी अपनी प्रापर्टी को बेच दिया। परंतु अब समस्या यह है कि रजिस्ट्रेशन न होने की वजह से पार्टी द्वारा रकम अदा नहीं की जा रही।