नयागांव। पुलिस ने कोरोना के बढ़ते प्रकोप को रोकने के लिए शहर में सख्ती शुरू कर दी है। पुलिस ने कोरोना गाइडलाइन का पालन नहीं करने वाले लोगों के खिलाफ कदम उठाकर मंगलवार को बिना मास्क वाले 20 लोगों के चालान काटे हैं और दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इसके अलावा यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 25 वाहन चालकों के चालान भी किए हैं।
नयागांव थाना प्रभारी सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि किसी को भी नियम तोड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इससे पहले थाना प्रभारी ने नगर परिषद नयागांव कार्यालय में कार्यकारी अधिकारी जगजीत सिंह साही से मुलाकात कर नयागांव में सड़कोें पर रेहड़ी-फड़ी लगाने वाले लोगों को बुलाकर उन्हें कोरोना दिशानिर्देशों का पालन करने के लिए कहा। साथ उन्हें और 18 साल से ऊपर के युवाओं को कोरोना का टीका लगवाने के लिए कहा और जो लोग 18 साल से नीचे हैं उन्हें कोरोना टेस्ट के लिए बोला।
पुलिस की टीम ने शहर के बाजार में एलान करवाया कि सभी लोग और दुकानदार कोरोना गाइडलाइन का सख्ती से पालन करें ताकि इस बीमारी से बचा जा सके। संवाद