फेज-आठ में शिक्षा विभाग के खिलाफ संघर्ष पर चल रहे शिक्षा प्रोवाइडर अध्यापक शुक्रवार को जिला मुख्यालय के बाहर रोष प्रदर्शन करेंगे। सात हजार शिक्षा प्रोवाइडर स्कूलों से छुट्टी लेकर प्रदर्शन में शामिल होंगे। यह फैसला शिक्षा प्रोवाइडर अध्यापक यूनियन की तरफ से लिया गया है।
इस मौके पर यूनियन के प्रधान अजमेर सिंह औलख, महासचिव जिंदर पायलट ने बताया कि सरकार के गलत रवैए के कारण मुलाजिमों को परेशानी उठानी पड़ रही है। टीचरों का मोह भंग हो रहा है। वहीं, इस मौके पर अध्यापक नेता संदीप सिंह बैंस व संदीप संधू की अगुवाई में जालंधर, फरीदकोट व मोहाली के शिक्षा प्रोवाइडर धरने में शामिल हुए।
इस दौरान मुलाजिमों की भूख हड़ताल 135वें दिन में प्रवेश कर गई। सुखबीर कौर, सतीश कुमार व तरलोचन सिंह भूख हड़ताल पर बैठे। जिक्रयोग है कि सरकारी स्कूलों में 2004 से पढ़ाते आ रहे शिक्षा प्रोवाइडर रेगुलर करने की मांग कर रहे हैं। वहीं शिक्षा प्रोवाइडर करीब पांच महीने से डायरेक्टर जनरल स्कूल के दफ्तर के बाहर भूख हड़ताल कर रहे हैं। मुलाजिमों ने साफ किया है कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो संघर्ष और तेज होगा।