खरड़। गांव देसूमाजरा-जंडपुर रोड पर स्थित गांव फतेहउल्लांपुर के पास करीब 15 साल पहले बनी सिल्वर एनक्लेव के निवासी पिछले कई दिनों से सीवरेज के गंदे पानी की निकासी न होने से बेहद परेशान हैं। यह इलाका नगर परिषद खरड़ के वार्ड-11 में है। सिल्वर एनक्लेव निवासी देसराज भाटिया, कुलदीप चंद, बलजीत सिंह, टीसी चोपड़ा, कुलदीप सिंह, सुरिंदर महाजन, सतीश राणा, करतार, सुखजिंदर सिंह, बलजीत सिंह, सुरिंदर कौर, रेखा राणा और कमल आदि ने बताया कि इस कॉलोनी में बिल्डर ने करीब 9 साल पहले लगाए गए एसटीपी प्लांट को दिसंबर 2020 में हटाकर इस जमीन को एक प्लाट के रूप में बेच दिया है। स्थानीय निवासियों ने एसडीएम खरड़ और नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी समेत पुलिस को शिकायत देकर बिल्डर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
लोगों ने बताया कि सीवरेज सिस्टम ठप हो जाने से सीवरेज का गंदा पानी कॉलोनी में खाली प्लाटों में जमा हो रहा है जो कभी भी किसी गंभीर बीमारी का कारण बन सकता है।
लोगों ने बताया कि पुड्डा अप्रूवड सिल्वर एनक्लेव को वर्ष 2005 में बिल्डर सतीश जिंदल बसाया था। यहां करीब सौ परिवार रह रहे हैं, लेकिन बिल्डर ने मूलभूत सुविधाएं नहीं दी थी तो लोगों ने हाईकोर्ट में केस दर्ज किया था। इसके बाद कोर्ट के आदेश पर बिल्डर ने विकास कार्य पूरे करवा दिए थे और वर्ष 2012 में एसटीपी प्लांट भी लगाया था। यह कॉलोनी वर्ष 2017 में नगर परिषद में आ गई थी।
लोगों ने बताया कि 17 मई को उक्त प्लाट के नए मालिक ने द्वारा उक्त प्लाट में बने सीवरेज टैंक और सीवरलाइन भी खत्म कर दी। जिससे सीवरेज सिस्टम ब्लाक हो गया और उक्त समस्या बनी है।
नगर परिषद ने इस क्षेत्र के सीवरेज को एक पाइपलाइन बिछाकर गांव फतेहउल्लांपुर की सीवरेज लाईन से जोड़ना चाहा, लेकिन फतेहउल्लांपुर निवासियों ने विरोध कर काम रुकवा दिया। पार्षद नमिता के पति पार्षद हरिंदरपाल सिंह जौली ने शिकायत उक्त अधिकारियों को देकर निकासी का प्रबंध करने की मांग की है।
बिल्डर के खिलाफ कार्रवाई के लिए जारी किया पत्र
नगर परिषद कार्यकारी अधिकारी संगीत कुमार आहलूवालिया ने बताया कि संबंधित बिल्डर द्वारा पास करवाए प्रोजेक्ट के नियमों की जांच की जा रही है। यदि एसटीपी प्लांट बिल्डर की प्रापर्टी है तो पहले निकासी का प्रबंध करके एसटीपी प्लांट को वहां से हटाया जाना चाहिए था। लेकिन बिल्डर ने ऐसा नहीं किया। बिल्डर के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के लिए पत्र जारी कर दिया गया है।