मोहाली। जिले में सोमवार को आंधी और बारिश ने खूब तबाही मचाई। आंधी की रफ्तार 55 किलोमीटर थी। इससे कई जगह पेड़ जड़ से उखड़ गए। बिजली के पोल टूट गए और लाइट गुल हो गई। करीब 25 से 30 जगह बिजली के पोल टूटे हैं, हालांकि जानी नुकसान का बचाव हो गया। करीब नौ बजे तक जिले के विभिन्न हिस्सों में लाइट गुल रही। सौ के करीब कर्मचारी लाइनों को ठीक करने में लगे रहे।
सोमवार सुबह से ही मौसम खराब हो गया था। हलकी बूंदाबांदी शुरू हो गई थी। दोपहर को डेढ़ बजे के बाद मौसम ने अचानक करवट ली और एकदम तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई। आंधी इतनी तेज थी कि कई जगह पर पेड़ जड़ से उखड़ गए। मोबाइल टावर तक गिर गए और पूरे शहर में अंधेरा छा गया। लोगों में लोहड़ी को लेकर जो उत्साह था वो सारा खत्म हो गया। लोग देर रात तक साफ सफाई में लगे रहे।
गोल्फ क्लब की फ्लड लाइट टूटी रास्ता हुआ बंद
आंधी से सेक्टर 65 में बनी गोल्फ रेंज में लगी फ्लड लाइटों के खंभे गिर गए जिन्होंने अपनी चपेट में एक कार और बस क्यू शेल्टर को भी ले लिया। इस दौरान रास्ता पूरी तरह से बंद हो गया। मौके पर इलाके की पार्षद उपिंदरप्रीत कौर भी पहुंची और तुरंत नगर निगम के अधिकारियों को बुलाया गया। हालांकि खबर लिखे जाने तक सड़क पर आवाजाही पूरी तरह से बंद थी।
एयरपोर्ट रोड पर भी आंधी ने मचाई तबाही
एयरपोर्ट रोड पर भी आंधी ने जमकर तबाही मचाई। आंधी इतनी तेज थी कि प्रोग्रेसिव पंजाब समिट के होर्डिंग तक टूट कर गिर गए और बिजली के खंभे तक टूट कर सड़क के बीच गिर गए।
जड़ों से उखड़े पेड़, यूनिपोल गिरा रोड पर
तेज आंधी और बारिश से पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की लाइटों से चंडीगढ़ जाने वाली रोड पर लगा बड़ा यूनिपोल भी इसकी चपेट में आ गया। हालांकि इससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। मौके पर पहुंचे यूनिपोल की देखरेख कर रहे ठेकेदार द्वारा पोल को जेसीबी मशीन के जरिए पूरा उखाड़ कर साइड करवाया गया। वहीं सड़कों के किनारे कई जगह पर बड़े बड़े पेड़ जड़ से उखड़ गए और रास्ता भी बंद हो गया। कई लाइट प्वाइंटों और चौक पर बनी स्लिप रोड के किनारे खड़े पेड़ भी उखड़ कर स्लिप रोड पर गिरे जिससे रास्ता बंद हा गया।
फेज 7 में बाइक और कार पर गिरा पेड़
स्कूटर मार्केट के सामने बने फुटपाथ पर एक बाइक और वरना कार खड़ी थी। तेज आंधी के कारण वाहनों के साथ खड़ा बड़ा पेड़ टूटकर बाइक और कार के ऊपर गिर गया। इस दौरान टूटकर गिरे पेड़ ने स्ट्रीट लाइट भी तोड़ दी साथ ही वरना कार का शीशा व बाइक भी पूरी से क्षतिग्रस्त हो गई।
हाईवे पर लग गया जाम, लोग परेशान
बारिश और आंधी के चलते खरड़-मोहाली हाईवे और मोहाली से लांडरां होकर पंजाब जाने वाले रास्ते पर जाम लग गया। जिससे देर शाम तक लोग परेशान होते रहे। सबसे ज्यादा जाम बलौंगी से खरड़ में दोनों साइड लगा रहा। फ्लाईओवर के काम के चलते बारिश के दौरान वाहन चालकों को काफी दिक्कत आई। लांडरां चौक पर भी चारों साइड से लोग जाम में फंसे रहे।