डेराबस्सी। पुलिस ने एक निजी स्कूल की अध्यापिका से छेड़छाड़ और तंग करने के आरोप में एक नौजवान के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हरीश मनोचा निवासी गांव त्रिवेदी कैंप के रूप में हुई है, जिसको पुलिस कल अदालत में पेश करेगी। शिकायतकर्ता सुंडरा गांव स्थित एक निजी स्कूल में अध्यापिका है।
मुबारिकपुर पुलिस चौकी इंचार्ज एएसआई नरपिंदर सिंह ने बताया कि 22 वर्षीय अध्यापिका ने शिकायत में बताया कि उसकी उक्त नौजवान के साथ पहले दोस्ती थी, लेकिन बाद में उसका चालचलन ठीक न होने के कारण उसके साथ बातचीत करनी बंद कर दी। वह जीरकपुर एक निजी स्कूल में अध्यापिका है, लेकिन उक्त नौजवान उसे लगातार तंग कर रहा है। नौजवान उसे आते जाते रास्ता में रोक लेता है व उसके मोबाइल पर बार फोन कर तंग करता है। आरोपी का नंबर ब्लाक करने के बावजूद अब वह स्कूल रिसेप्शन के नंबर पर फोन कर उसे तंग कर रहा था जिस कारण उसे स्कूल से निकाल दिया है। वह अपनी और परिवार की इज्जत के कारण चुप रही, लेकिन अब उसने उसे रोककर धमकी देनी शुरू कर दी थी कि यदि वह बात और शादी नहीं करेगी तो वह आत्महत्या कर लेगा।
उसकी ओर से तंग होने बाद में पुलिस को शिकायत दी गई। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी निजी तौर पर अकाउंट का कार्य करता है।