दिल्ली से हेरोइन लाकर ट्राइसिटी में सप्लाई करने वाले एक नशा तस्कर को बोलेरो कार समेत एसटीएफ ने दबोचा है। आरोपी के पास से 260 ग्राम हेरोइन, नौ एमएस की पिस्टल और नौ कारतूस बरामद हुए हैं। आरोपी की पहचान धीरज शर्मा निवासी फेज-2 मोहाली के रूप में हुई है।
आरोपी पर पुलिस ने एनडीपीएस, आर्म्स एक्ट समेत कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। आरोपी पर पहले भी चंडीगढ़ समेत कई जगह पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, यहां से अदालत ने उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश दिए।
मिली जानकारी के मुताबिक एसटीएफ की ओर से मंगलवार को फेज-2 श्री गुरुद्वारा साहिब के नजदीक चेकिंग के लिए नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान एक बोलेरो कार को रोक कर पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो कार से हथियार और हेरोइन बरामद हुई।
जब आरोपी से इस संबंध में पूछताछ की तो वह कोई जवाब नहीं दे पाया। इसके बाद एसटीएफ ने उसे गिरफ्तार कर लिया। एसटीएफ ने बताया कि आरोपी से पूछताछ में पता चला है कि वह दिल्ली से हेरोइन लेकर आता था और यहां ट्राइसिटी में सप्लाई करता था। पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है।
कोरोना में काल में भी चलता रहा नशे का कारोबार
मिली जानकारी के मुताबिक कोरोना महामारी के दौरान भी मोहाली जिले में नशे का गिरोह सक्रिय रहा है। लॉकडाउन में भी लगातार एसटीएफ और पुलिस की टीमें नशा तस्करों को पकड़ती रही हैं। इस दौरान सबसे ज्यादा नशा तस्कर खरड़ के इलाके में पकडे़ गए हैं। इसके अलावा सोहाना थाने के इलाके में भी नशा तस्कर पकड़े गए हैं।
इन्होंने मोहाली और आसपास अपना नेटवर्क बनाया हुआ है और यह तस्कर नशे की होम डिलीवरी भी करते रहे हैं। यह नशा तस्कर महंगी कारों में चलते थे और इस वजह से भी इन पर कोई संदेह तक नहीं करता था।