संवाद न्यूज एजेंसी
जीरकपुर। पीरमुछल्ला क्षेत्र में डंप पॉइंट के पास सोमवार को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर बरसाती पानी से भरी जगह में जा गिरी। हादसे के वक्त कार में दो लोग सवार थे। गनीमत रही कि आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद करते हुए दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कॉर्पियो तेज रफ्तार में पीरमुछल्ला की ओर जा रही थी। डंप पॉइंट के नजदीक पहुंचते ही चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा।
कार पहले सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकराई और फिर अनियंत्रित होकर बरसाती पानी से भरे गड्ढेनुमा क्षेत्र में जा गिरी। हादसा होते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए। कार के पानी में गिरने से उसमें सवार दोनों लोग फंस गए थे। स्थानीय लोगों ने बिना देरी किए बचाव कार्य शुरू किया और दोनों को सुरक्षित कार से बाहर निकाल लिया। इसके बाद क्रेन की मदद से मशक्कत के बाद स्कॉर्पियो को पानी से बाहर निकाला गया। स्थानीय निवासियों का कहना है कि डंप पॉइंट के आसपास बरसात के बाद लंबे समय तक पानी जमा रहता है। इससे सड़क किनारे की स्थिति स्पष्ट नहीं दिखाई देती और वाहन चालकों के लिए हादसे का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में पानी निकासी की स्थायी व्यवस्था करने और सड़क किनारे सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है। हादसे के बाद कुछ समय तक मौके पर लोगों की भीड़ जुटी रही। राहत की बात यह रही कि समय रहते दोनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।